इंदौरः कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं, किया त्वरित निराकरण
इंदौर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष रखीं। कलेक्टर वर्मा ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा पात्र हितग्राहियों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए।
जनसुनवाई में प्रतिरक्षक महिला एवं बाल विकास संस्था के कार्यकर्ता मोहित सिंह चौहान ने कलेक्टर को स्केच भेंट कर आभार व्यक्त किया। चौहान ने बताया कि गत दिवस एयरपोर्ट क्षेत्र के बिजासन माता मंदिर के सामने स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाले बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र बनाकर वितरित किए गए थे। संस्था की ओर से इस पहल के लिए उन्होंने कलेक्टर वर्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा दस्तावेजों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में रामा दुबे ने मिठाई एवं पुष्प भेंट कर कलेक्टर वर्मा का आभार व्यक्त किया। रामा दुबे ने बताया कि वे शासकीय सुभाष स्कूल में कार्यरत हैं और लंबे समय से उनकी क्रमोन्नति नहीं हो रही थी। उन्होंने गत जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। कलेक्टर वर्मा के निर्देश के बाद एक सप्ताह के भीतर क्रमोन्नति संबंधी आदेश जारी हुआ। इसके लिए उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर का आभार व्यक्त किया।
एक अन्य प्रकरण में रंजना इंगोले ने जनसुनवाई में कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उनके पति स्वर्गीय विजय इंगोले के निधन के बाद परिवार में आय का कोई स्थायी साधन नहीं है और परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की शिक्षा में भी परेशानी आ रही है। कलेक्टर ने उनकी समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना और तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवार को भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक सहयोग और शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित सभी विभागीय अधिकारियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

