home page

इंदौरः सिविल डिफेंस क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण सम्मेलन एवं समीक्षा बैठक सम्पन्न

 | 
इंदौरः सिविल डिफेंस क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण सम्मेलन एवं समीक्षा बैठक सम्पन्न


इंदौर, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित होमगार्ड लाइन परिसर में शनिवार को “सिविल डिफेंस क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव रहीं। सम्मेलन में आयोजित तीनों प्रशिक्षण सत्रों के कुल 263 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रज्ञा ऋचा ने इंदौर होमगार्ड मुख्यालय का दौरा कर सिविल डिफेन्स इंदौर द्वारा संचालित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से संवाद करते हुए आपदा की परिस्थितियों में संयम, धैर्य एवं आत्मरक्षा के महत्व पर बल दिया। साथ ही उन्होंने आमजन एवं संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि को सम्मान गार्ड द्वारा सलामी प्रदान कर किया गया।

कार्यक्रम में प्लाटून कमांडर कविता चौहान द्वारा अब तक संचालित तीनों प्रशिक्षण सत्रों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। चार सिविल डिफेन्स वालंटियर्स ने अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। इंदौर होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट सुमत जैन द्वारा सिविल डिफेन्स क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की गई। महानिदेशक ने अपने उद्बोधन में सिविल डिफेन्स संगठन की भूमिका, महत्ता, आवश्यकता, लैंगिक समानता, आपदा न्यूनीकरण में सामाजिक सहयोग तथा समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रकाश डाला। प्रशिक्षणार्थियों से संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

प्रज्ञा ऋचा ने आयोजन के उद्देश्य एवं सिविल डिफेन्स की गतिविधियों की जानकारी दी तथा सिंहस्थ-2028 में सिविल डिफेन्स वालंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सिविल डिफेन्स वालंटियर्स द्वारा सेल्फ डिफेन्स विषयक नाटिका का मंचन किया गया। बालिकाओं द्वारा आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेन्स) गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। सिविल डिफेन्स प्रशिक्षण की कक्षा कक्ष का अवलोकन किया गया। सिविल डिफेन्स वालंटियर्स एवं कार्यालय स्टाफ के साथ स्वल्पाहार ग्रहण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर