इंदौरः चलती कार में अचानक लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
इंदौर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में रविवार रात कलेक्टर कार्यालय के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल गई।
फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि कलेक्टर ऑफिस के सामने जीडीसी कॉलेज के पास कार में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब एक टैंक पानी डालकर आग पर काबू पाया। सूचना के बाद जूनि इंदौर भी मौके पर पहुंची।
कार एमआर 10 के नॉर्थ एवेन्यू कॉलोनी नगर निवासी शैलेंद्र जैन की है। व्यापारी शैलेंद्र जैन ने बताया कि वह अपनी कार से दोस्त के साथ महूनाका की तरफ जा रहे थे, तभी कार के बोनट से अचानक धुंआ निकला। वह कार से उतर कर सीधे बाहर हो गए इतनी देर में कार में भीषण आग लग गई। घटना के कुछ देर बाद दमकल ने आकर आग बुझा दी। संभवत: शार्ट-शर्किट के चलते गाड़ी में आगजनी की घटना हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

