इंदौरः मंत्री सिलावट ने अटल सुशासन पंचायत भवन का किया लोकार्पण
- हांसाखेड़ी में आयोजित सामूहिक विवाह में 21 नव दम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद
इंदौर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को इंदौर जिले के सांवेर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत हांसाखेडी में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त अटल सुशासन पंचायत भवन एवं गार्डन का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत हांसाखेडी द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 21 नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद भी दिया।
इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्राम पंचायतों के माध्यम से सभी नागरिकों को हित लाभ दिये जाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की सभी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों और किसानों को मिल रहा है। ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा पीएम आवास योजना, किसान कल्याण सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत अभियान, लाडली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना, वृद्धावस्था पेंशन, उज्जवला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हांसाखेडी में भी सभी ग्रामीणों को अब नवीन अटल सुशासन पंचायत भवन से प्रदेश की सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को सांवेर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत हांसाखेडी में आयोजित निःशुल्क सामुहिक विवाह समारोह में 21 नव वर-वधु को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, जरूरतमंद, निराश्रित परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना शुरू की गई है, इसके तहत पात्र परिवारों की बेटी के विवाह हेतु आर्थिक सहायता 50 हजार से ज्यादा राशि की प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को आत्मनिर्भर बनाकर हमारी सरकार निर्धन एवं कमजोर वर्गों को अन्तिम पंक्ति से प्रथम पंक्ति में लाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण श्रवण सिंह चावडा, अंतरसिंह दयाल, सतीश मालवीय, शिवपालसिंह चावडा, जितेन्द्र आंजना, मनोहर ठाकुर, सोनु देसाई, योगेश गेंदर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुसुम मंडलोई सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

