home page

इंदौरः जनसुनवाई में दिखी प्रशासनिक संवेदनशीलता, कलेक्टर ने आमजन की समस्याएँ सुनकर किया त्वरित निराकरण

 | 
इंदौरः जनसुनवाई में दिखी प्रशासनिक संवेदनशीलता, कलेक्टर ने आमजन की समस्याएँ सुनकर किया त्वरित निराकरण


इंदौर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत का माध्यम बनी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में आए एक प्रकरण में एक बुजुर्ग महिला सावित्री मंडलोई ने अपनी वर्षों पुरानी समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में घर निर्माण के बाद भी उन्हें रजिस्ट्री नहीं दी गई, जिसके चलते वे कई सालों से परेशान थी, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा था। कलेक्टर वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, जिसके परिणामस्वरूप महिला के घर की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। समस्या के समाधान से राहत महसूस करते हुए सावित्री मंडलोई आज जनसुनवाई में मिठाई लेकर पहुंचीं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा कलेक्टर वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारियों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रोशन राय ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर