home page

इंदौरःओवरलोड और अधिक किराया वसूलने वाले वाहनों पर कार्रवाई, 1.24 लाख रुपये जुर्माना वसूला

 | 
इंदौरःओवरलोड और अधिक किराया वसूलने वाले वाहनों पर कार्रवाई, 1.24 लाख रुपये जुर्माना वसूला


इंदौर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में रक्षाबंधन के मद्देनजर बुधवार को परिवहन विभाग ने यात्री बसों की जांच की। यह कार्रवाई रेडिसन चौराहा एवं स्टार चौराहा रोड क्षेत्र में की गई।

अभियान के दौरान क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन करने वाले यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष रूप से कार्रवाई की गई। रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्री वाहन संचालकों को निर्देश दिए गए कि बसों में ओवरलोडिंग कर सवारियां न बैठाएं तथा निर्धारित किराए से अधिक किराया वसूल न करें।

बिना वैध परमिट संचालित वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। बस क्रमांक BR- 06 PH-1195 को बिना परमिट संचालित पाए जाने पर जब्त किया गया। नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 1,24,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

जांच के दौरान एक बस बिना पंजीयन के संचालित पाई गई, जिसे मौके पर जब्त कर लिया गया। अन्य बसों में अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग ने कहा कि यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन, अधिक किराया वसूली, बिना परमिट, बिना पंजीयन एवं सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी उक्त कार्यवाही आकाश सिटोले परिवहन निरीक्षक , इंदौर द्वारा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर