home page

इंदौरः सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में लापरवाही पर पाँच अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई

 | 
इंदौरः सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में लापरवाही पर पाँच अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई


- तीन अधिकारी-कर्मचारियों पर अर्थदंड, एक लेखापाल निलंबित तथा स्कूल की प्राचार्य को शोकाज नोटिस

इंदौर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर कलेक्टर कलेक्टर शिवम वर्मा ने सोमवार को समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में लापरवाही पर पाँच अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। इनमें तीन अधिकारी-कर्मचारियों पर अर्थदंड लगाया गया है, जबकि एक लेखापाल को निलंबित तथा स्कूल की प्राचार्य को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकृत किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज आवेदनों में से पांच प्रकरणों का रेण्डम रूप से चयन कर उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पेयजल संबंधी शिकायत के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सब इंजीनियर आकाश ऐरवाल तथा बिजली कनेक्शन संबंधी शिकायत में लापरवाही पाए जाने पर ऊर्जा विभाग के सहायक यंत्री राहुल सिंह चंदेल पर 5-5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

इसी प्रकार स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्ति दिनांक गलत दर्ज करने तथा स्वत्वो का भुगतान समय पर नहीं करने संबंधी शिकायत में लापरवाही पाए जाने पर लेखापाल मुकुंद जमरा को निलंबित करने तथा प्राचार्य शबाना शेख को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। प्रसूति सहायता योजना संबंधी शिकायत के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. सिसोदिया पर 2 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से बंद न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से लंबित शिकायतों की समीक्षा करें तथा अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा

बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा ग्राम पंचायतवार प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल स्रोतों की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं आवश्यकतानुसार मरम्मत के कार्य सुनिश्चित करने तथा अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

बेसमेंट में पार्किंग सुनिश्चित करने के अभियान की समीक्षा

बैठक में बेसमेंट में पार्किंग सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि बेसमेंट का उपयोग पार्किंग के लिए ही सुनिश्चित कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले भवनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों में विशेष प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर