इंदौरः युवा संगम रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों में 73 युवाओं को मिली नौकरी
इंदौर, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, इनोवेशन एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय द्वारा “युवा संगम” रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 09 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 73 युवाओं का रोजगार और अपरेंटिशिप हेतु प्राम्भिक रूप से चयन किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि इस युवा संगम कार्यक्रम में कुल 138 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया था। युवक व युवतियों का प्रारंभिक रूप से सर्वेयर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलिंग, डेवलपर, डिजिटल मार्केटिंग इंटर्न, जूनियर टेक्नीशियन, जूनियर एग्जीक्यूटिव, बिज़नेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, सेल्स ट्रेनी, बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के पदों पर भर्ती के लिए चयन किया गया। मेले में मुख्य रूप से पी वी आर, जस्ट डायल, डिलीवरी, शेफाली बिजनेस, मोज़ेक, फिनोदिया, केपिटल आदि कंपनियो ने भाग लिया। जिला उद्योग केंद्र की टीम द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक 04 आवेदको को शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी/मार्गदर्शन दिया जाकर स्वरोजगार हेतु प्रकरण तैयार करने हेतु प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

