home page

इंदौरः रोजगार मेले में 531 युवाओं का हुआ चयन

 | 
इंदौरः रोजगार मेले में 531 युवाओं का हुआ चयन


इंदौरः रोजगार मेले में 531 युवाओं का हुआ चयन


- 34 युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का मार्गदर्शन, 44 का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन

इंदौर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई तथा जिला उद्योग केन्द्र, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आईटीआई नंदा नगर परिसर में एक दिवसीय युवा संगम (रोजगार मेला) आयोजित किया गया।

रोजगार उप संचालक पीएस मण्डलोई ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 26 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। मेले में कुल 647 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें 463 पुरुष एवं 184 महिला अभ्यर्थी शामिल रहे। साक्षात्कार के उपरांत विभिन्न कंपनियों द्वारा 531 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक रूप से चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में 438 पुरुष एवं 93 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को एचआर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, टेक्नीशियन, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, फार्मेसी, बैक ऑफिस, ट्रेनी, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा, टर्नर, ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर अवसर प्राप्त हुए। रोजगार मेले में श्याम ऑटोमोटिव, मोज़ेक वर्क स्किल, एलएंडटी एनर्जी कार्बनलाइट सोल सहित 26 कंपनियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारियों ने 34 इच्छुक युवाओं को शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उन्हें स्वयं का उद्यम प्रारंभ करने और प्रकरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया। वहीं शासन की अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत 44 अभ्यर्थियों का चयन कर संबंधित कंपनियों में भेजा गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई तथा जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। समापन अवसर पर संभागीय आईटीआई की प्राचार्य रीना सोलंकी ने सभी उद्योग प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर