इंदौरः धरमपुरी के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद बीमार हुए 38 बच्चे, 19 अस्पताल में भर्ती
इंदौर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सांवेर विधानसभा क्षेत्र स्थित धरमपुर के सरकारी स्कूल में शनिवार को मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत के बाद बच्चों को उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां 19 बच्चों को भर्ती किया गया है। इनमें 4 बच्चों को आईसीयू में भी रखा गया।
जानकारी के अनुसार, धरमपुर के ग्राम सिंहाना स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बच्चों को मिड-डे मील में कढ़ी-चावल परोसा गया था। खाना खाने के कुछ समय बाद बच्चों ने पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और बच्चों को इलाज के लिए इंदौर के अरविंद अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में 19 बच्चों को भर्ती किया गया है, जिनमें से 4 बच्चों को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है।
अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार भर्ती बच्चों की हालत स्थिर है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। इनमें एक बच्ची को तीन दिन से बुखार भी था। डॉक्टर बच्चों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनका समुचित इलाज किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
एक साथ इतने बच्चों की सेहत बिगड़ने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टीम यह जानकारी जुटा रही है कि खाना कहां पकाया गया था, स्कूल तक कैसे लाया गया और परोसने से पहले भोजन की गुणवत्ता जांची गई थी या नहीं। खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह सामने आ सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

