home page

इंदौरः युवा संगम रोजगार मेले में 276 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों पर हुआ प्रारंभिक चयन

 | 
इंदौरः युवा संगम रोजगार मेले में 276 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों पर हुआ प्रारंभिक चयन


इंदौर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा गुरुवार को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 12 निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित साक्षात्कार के माध्यम से कुल 276 युवक-युवतियों का प्रारंभिक चयन किया गया।

जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक पीएस मण्डलोई ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 425 आवेदकों ने पंजीयन कराया, जिनमें 315 युवक एवं 110 युवतियां शामिल थीं। मेले में शामिल 12 कंपनियों द्वारा 250 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिए गए। इनमें कुल 276 आवेदकों का विभिन्न पदों पर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित आवेदकों में 198 युवक एवं 78 युवतियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में डी-मार्ट, पीवीआर, बी-एबल, जस्ट डायल, डिलीवरी एवं अप्पालतो सहित 12 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कंपनियों द्वारा सर्वेयर, फिटर, टर्नर, सेल्स, इलेक्ट्रिशियन, सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलिंग, डेवलपर, डिजिटल मार्केटिंग इंटर्न, पीसीबी एवं प्रोडक्शन हेल्पर, जूनियर टेक्नीशियन, जूनियर एग्जीक्यूटिव, बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, सेल्स ट्रेनी, बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव, स्टोर एवं डिस्पैच एग्जीक्यूटिव, आईटीआई फिटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव तथा कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।

रोजगार मेले में रोजगार के साथ स्वरोजगार को भी प्रोत्साहित किया गया। जिला उद्योग केंद्र की टीम द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक 14 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही, उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रकरण तैयार कराने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, शासन की अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत 2 आवेदकों का भी प्रारंभिक चयन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर