इंदौरः दशहरा मैदान पर 111 फीट के रावण का दहन, पहली बार शूर्पणखा का पुतला भी जलाया
इंदौर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को विजयदशमी का उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाम को जगह-जगह रावण दहन हुआ। शहर के दशहरा मैदान पर 111 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया, वहीं संस्था पौरुष की ओर से पहली बार शूर्पणखा के प्रतीक का दहन भी किया गया।
शहर में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर दशानन के पुतले जलाए गए। कहीं श्रीराम और रावण के बीच इलेक्ट्रॉनिक युद्ध आकर्षण का केंद्र रहा, तो कहीं लंकापति की आंखों से अंगारे और मुंह से धुआं निकलता नजर आया। शहर के अलग-अलग मैदानों में आकर्षक आतिशबाजी की गई और राम-रावण युद्ध के मंचन भी हुए।
दशहरा महोत्सव समिति के संयोजक सत्यनारायण सलवाड़िया और पिंटू जोशी के मुताबिक, दशहरा मैदान पर 111 फीट ऊंचे रावण के साथ 250 फीट चौड़ी लंका का दहन किया गया। आयोजन में श्रीराम-रावण युद्ध और हनुमानजी की वानर सेना द्वारा लंका पर चढ़ाई का चित्रण भी किया गया।
इससे पहले महूनाका से शोभायात्रा निकाली गई। होलकर स्टेट के पदाधिकारियों की पालकी के साथ शोभायात्रा पहुंचने पर शमी पूजन किया गया। यहां रावण दहन का समय रात 7.30 बजे निर्धारित था।
पहली बार शूर्पणखा के प्रतीक का दहन
इंदौर में इस बार दशहरे पर रावण के साथ शूर्पणखा के प्रतीक का भी दहन किया गया। संस्था पौरुष की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देश में चर्चित पांच महिला अपराधियों के नामों को शूर्पणखा के प्रतीक से जोड़कर पुतला दहन किया गया। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य महिला अपराधों के खिलाफ संदेश देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

