home page

इंदौर में नवाचारः गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए सुपोषण संकल्प अभियान के तहत 1000 न्यूट्रिशन किट वितरित

 | 
इंदौर में नवाचारः गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए सुपोषण संकल्प अभियान के तहत 1000 न्यूट्रिशन किट वितरित


इंदौर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते हुए सुपोषण संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्टर शिवम वर्मा ने गंभीर कुपोषित (एएएम) बच्चों के लिए 1000 न्यूट्रिशन किट का वितरण किया।

यह पहल महिला एवं बाल विकास विभाग एवं सहायता संस्था के सहयोग से की गई। विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि न्यूट्रिशन किट बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए राजगीरा के लड्डू, खोपरे का गोला, सत्तू का आटा, एक किलोग्राम खजूर, तिलपट्टी तथा अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल की गई है। प्रत्येक न्यूट्रिशन किट का मूल्य लगभग 500 रुपये है।

यह किट केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित पोषण मानकों के अनुरूप तैयार की गई है। इस अभियान का उद्देश्य जिले के 6 माह से 6 वर्ष तक के गंभीर कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाकर उन्हें सामान्य एवं स्वस्थ श्रेणी में लाना है, ताकि भविष्य में जिले के बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर हो और कुपोषण की समस्या का प्रभावी समाधान हो सके।

इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प के अनुसार इंदौर जिले को कुपोषण मुक्त जिला बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि हर बच्चा हमारा अपना है और उसके स्वास्थ्य की रक्षा करना समाज के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। गंभीर कुपोषित बच्चों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार सुनिश्चित किया जाए।

सहायता संस्था के डॉ. अनिल भंडारी ने इस प्रकल्प की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार के माध्यम से गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा, विभाग के अधिकारी, मैदानी कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर