home page

इंदौर: संपत्ति कर जमा नहीं करने पर खालसा कॉलेज परिसर की 100 दुकानें सील

 | 
इंदौर: संपत्ति कर जमा नहीं करने पर खालसा कॉलेज परिसर की 100 दुकानें सील


इंदौर, 27 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम ने शुक्रवार को खालसा कॉलेज परिसर में बड़ी कार्रवाई की है। करीब 1.63 करोड़ रुपये के संपत्ति कर बकाया के चलते निगम ने एक साथ 100 से अधिक दुकानों को सील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने कर वसूली के लिए कॉलेज प्रबंधन को कई बार नोटिस जारी किए थे। इसके बाद 25 फरवरी को परिसर स्थित प्रिंसिपल ऑफिस को भी सील किया गया था। इसके बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई। शुक्रवार को निगम की टीम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और एक साथ 100 से ज्यादा दुकानों पर ताले जड़ दिए। कार्रवाई के बाद परिसर में संचालित व्यापार पूरी तरह ठप हो गया।

सहायक राजस्व अधिकारी अखिलेश मालवीय ने बताया कि नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर पहले अनाउंसमेंट कर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा था। स्पष्ट निर्देश थे कि भुगतान नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाए। उन्हीं निर्देशों के तहत पूरे कैंपस की लगभग सौ से अधिक दुकानों को सील किया गया है।

उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रबंधन पर एक करोड़ तिरसठ लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया है। बार-बार सूचना और नोटिस देने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई, जिसके चलते निगम को सख्त कदम उठाना पड़ा। निगम अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरा बकाया कर जमा नहीं होगा, तब तक सील नहीं खोली जाएगी। बकाया वसूली तक कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर