सामाजिक समरसता का आधार है भारतीय संविधानः मंत्री कुशवाह
केन्द्रीय पुस्तकालय में आम नागरिकों के अवलोकनार्थ रखी गई संविधान की मूल प्रति, मंत्री कुशवाह ने किया अवलोकन
ग्वालियर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गुरुवार को केन्द्रीय पुस्तकालय पहुँचकर संविधान की मूल प्रति का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का काम किया है। साथ ही हमारा संविधान सामाजिक समरसता का आधार भी है।
दरअसल, भारतीय संविधान की मूल प्रति ग्वालियर में भी मौजूद है। महाराज बाड़ा स्थित शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में यह प्रति रखी हुई है। साथ ही इसकी डिजिटल प्रतिलिप भी पुस्तकालय में तैयार की गई है। संविधान दिवस 26 नवम्बर को संविधान की यह मूल प्रति सहित देश की आजादी से संबंधित अन्य पुस्तकें केन्द्रीय पुस्तकालय में शहर के आम नागरिकों के अवलोकन के लिये रखी गईं। साथ ही संविधान की डिजिटल प्रति एलईडी स्क्रीन पर दिखाई गई।
संविधान की मूल प्रति देखने के लिये बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शहर के नागरिक पहुँचे। संविधान दिवस पर 856 विद्यार्थियों व नागरिकों ने संविधान की मूल प्रति एवं डिजिटल प्रति देखी। संविधान की मूल प्रति देखने आए नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन भी किया। संविधान दिवस पर केन्द्रीय पुस्तकालय में आयोजित हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के मूल्यों, उद्देश्यों एवं इसके महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र आशुतोष शर्मा. आदित्य मंगल, कार्तिकेय, नंदिनी पांडे और राधिका ऊधवानी ने संविधान को आधुनिक भारत की आत्मा बताते हुए अपने वक्तव्यों से उपस्थितजनों को प्रभावित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्रंथपाल शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय राकेश कुमार शर्मा, पुस्तकालय प्रबंधक विवेक कुमार सोनी सहित पुस्तकालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित था।
संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में हुआ उद्देशिका का वाचन
इधर, ग्वालियर जिले में भी गुरुवार को उत्साह व उमंग के साथ संविधान दिवस मनाया गया। संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट सहित जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट में आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया।
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। ज्ञात हो कि भारतीय संविधान को अंगीकृत करने के 77 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। संविधान दिवस पर संभागीय आयुक्त कार्यालय एवं जिला पंचायत सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में भी संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया। जिला पंचायत परिसर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित अन्य अधिकारियों ने उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

