home page

भारत विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर बढ़ रहा आगे: स्कूल शिक्षा मंत्री

 | 
भारत विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर बढ़ रहा आगे: स्कूल शिक्षा मंत्री


भारत विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर बढ़ रहा आगे: स्कूल शिक्षा मंत्री


- मॉडल स्कूल में सेवा संकल्प अभियान राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

भोपाल, 19 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों के सपनों और विचारों में ही आने वाले भारत की दिशा और संभावनाएं दिखाई देती हैं।

यह बात शनिवार को मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मॉडल स्कूल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवा शक्ति की सहभागिता से साकार होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। इस दौरान मंत्री सिंह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा पखवाड़ा अंतर्गत मॉडल स्कूल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर, भोपाल में ‘मेरे सपनों का भारत’ राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना पर विद्यार्थियों के विचारों को सुना। साथ ही विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके उत्साह की सराहना की।

विद्यार्थियों ने व्यक्त किए विचार

सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

छात्र-छात्राओं के साथ किया पौधरोपण

कार्यक्रम के उपरांत मंत्री उदय प्रताप सिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्य, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग सचिव संजय गोयल, आयुक्त अभिषेक सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंडल सचिव बुद्धेश कुमार वैश्य, प्राचार्य रेखा शर्मा सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर