home page

मप्र: शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का भारत-उज़्बेकिस्तान संसदीय मैत्री समूह के प्रतिनिधिमंडल में चयन

 | 
मप्र: शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का भारत-उज़्बेकिस्तान संसदीय मैत्री समूह के प्रतिनिधिमंडल में चयन


अनूपपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल से सांसद हिमाद्री सिंह का भारत-उज़्बेकिस्तान संसदीय मैत्री समूह के प्रतिनिधिमंडल में चयन हुआ है। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा गठित इस प्रतिनिधिमंडल में देश की 543 सदस्यीय लोकसभा में से केवल तीन युवा सांसदों को शामिल किया गया है, जिसमें सांसद हिमाद्री सिंह का नाम भी शामिल है।

सोमवार को भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनिधिमंडल 4 से 7 सितंबर 2026 तक उज़्बेकिस्तान की चार दिवसीय यात्रा पर रहेगा।

भारत-उज़्बेकिस्तान संबंधों को नई मजबूती

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय एवं नागरिक सम्मान ‘ओली दराजली दोस्तलिक से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताते हुए भारत-उज़्बेकिस्तान की ऐतिहासिक मित्रता को समर्पित किया। इसी अवसर पर दोनों देशों ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया। ऐसे महत्वपूर्ण समय में भारत-उज़्बेकिस्तान संसदीय मैत्री समूह के प्रतिनिधिमंडल में सांसद हिमाद्री सिंह का चयन मध्यप्रदेश और संसदीय क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

सांसद हिमाद्री सिंह ने युवा महिला सांसद के रूप में संसद में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके माता-पिता के सांसद रहने की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने क्षेत्र की आवाज को संसद तक पहुंचाने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त किया है। उनके चयन से शहडोल संसदीय क्षेत्र के लोगों में उत्साह है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला