मप्रः मुख्य सचिव की अध्यक्षता में यूसीएफ से उच्च शक्ति प्राप्त संचालन समिति का गठन
भोपाल, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राज्य शासन ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में अर्बन चैलेंज फण्ड (यूसीएफ) योजना के संचालन के लिए राज्य स्तरीय उच्च शक्ति प्राप्त संचालन समिति का गठन किया है।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश बैन ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि समिति में अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव वित्त, वन एवं पर्यावरण, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, आयुक्त, नगर तथा ग्राम निवेश, म.प्र., अतिरिक्त प्रबंध संचालक म.प्र. अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड, भारत सरकार शहरी विकास मंत्रालय से मनोनीत प्रतिनिधि और आयुक्त सह सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा प्रबंध संचालक म.प्र. अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड सदस्य होंगे। अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास को सदस्य-सचिव मनोनीत किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य उच्च शक्ति प्राप्त संचालन समिति मिशन के समग्र कार्यान्वयन के लिए उत्तरदायी होगी। परियोजना को मंजूरी देना और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का प्रशासनिक अनुमोदन प्रदान करना, परियोजनाओं की प्रगति, क्षमता वर्धन, सूचना शिक्षा एवं संचार (आईईसी) अभियान और सुधार कार्यान्वयन आदि सहित निगरानी करना,परियोजनाओं के लिये धनराशि की किश्त केन्द्र को जारी करने के प्रस्तावों की अनुशंसा करना, परियोजना कार्यान्वयन के लिये राज्य और नगरीय निकायों के अंश को अंतिम रूप देना, नगरीय निकायों को समय पर केन्द्रीय और राज्य के हिस्से की धनराशि आवंटित और जारी करना, स्टार्ट-अप्स, निजी भागीदारों (पीपीपी अंतर्गत निवेशक) और निजी उद्यमियों को प्रौद्योगिकी उप मिशन के माध्यम से मिशन में भाग लेने के लिये प्रोत्साहित और सुविधा प्रदान करना, सुधारों के त्वरित कार्यान्वयन के लिये क्षमता वर्धन, अधिसूचनाएं जारी करने आदि योजनाओं को मंजूरी देना तथा मिशन के तहत लगाए गए उपकरणों के संचालन और रखरखाव पर राज्य मिशन निदेशक को सलाह देने जैसे कार्यों का संपादन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

