home page

स्वस्थ नागरिक विकसित भारत की मजबूत नींव, युवा फिटनेस को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा: सावित्री ठाकुर

 | 
स्वस्थ नागरिक विकसित भारत की मजबूत नींव, युवा फिटनेस को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा: सावित्री ठाकुर


- धार में निकली फिट इंडिया साइकिलिंग रैली को केंद्रीय राज्य मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

धार, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प देश की युवा पीढ़ी को स्वस्थ, सक्रिय और नशामुक्त बनाना है। स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। केवल आर्थिक समृद्धि पर्याप्त नहीं है, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य भी उतना ही आवश्यक है। युवा फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर रविवार को मध्य प्रदेश के धार में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण के अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित साइकिलिंग रैली के कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विधायक नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं माय भारत स्वयंसेवकों ने रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि फिट इंडिया अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी दिनचर्या में व्यायाम, साइकिलिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने स्वास्थ्य और भविष्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम में सहभागी बच्चों एवं युवाओं के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा अपनी फिटनेस के लिए अवश्य निकालना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लिए देश में खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारकर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विधायक नीना वर्मा ने सभी को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए आगे भी फिटनेस पर ध्यान देने का आग्रह किया। इसी के साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी का उत्साहवर्धन कर उन्हें नशे के प्रति जागरूक किया।

इस विशेष आयोजन की थीम 'इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स' (भारत ओलंपिक के लिए तैयार) रही। इसके माध्यम से नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। देशभर में इस 100वें संस्करण का आयोजन सभी जिलों एवं 100 प्रमुख स्थानों पर किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, परिवारों और विभिन्न सामुदायिक संगठनों ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर