home page

राजगढ़ःकैंसर दिवस पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, 1200 से अधिक लोगों की जांच

 | 
राजगढ़ःकैंसर दिवस पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, 1200 से अधिक लोगों की जांच


राजगढ़,4 फरवरी (हि.स.)। विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को जिलेभर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, इन शिविरों के माध्यम से न केवल कैंसर संभावित मरीजों की पहचान की गई, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरुक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की पहल पर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उपस्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल सहित जिला अस्पताल में विशेष शिविर लगाए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपनी जांच करवाने के लिए पहुंचे। प्रभारी डीपीएम सुनील वर्मा ने बताया कि पूरे जिले 1200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार व परामर्श दिया गया। इस दौरान विशेष रुप से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की भी जांच की गई। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.शोभा पटेल ने कहा कि कैंसर जैसी बीमारी का यदि प्रथम चरण में पता चल जाए तो उसका सफल उपचार पूरी तहर संभव है। विशेषकर महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल और स्तन कैंसर की समय रहते पहचान उनकी जान बचा सकती है। जिला अस्पताल में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने आमजन को कैंसर के खतरों से आगाह किया। कैंसर नोडल अधिकारी डाॅ. आरके. कठेरिया ने बताया कि गलत जीवनशैली कैंसर का बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि शराब, सिगरेट और तंबाकू का सेवन कैंसर के खतरे को कई गुना बढ़ा देता है। शरीर में किसी भी असामान्य गांठ या परिवर्तन को नजरअंदाज न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक