home page

मप्रः हरदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से आरपीएफ जवान की मौत

 | 
मप्रः हरदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से आरपीएफ जवान की मौत


हरदा, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ के एक जवान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। कॉन्स्टेबल के शरीर के 2 टुकड़े हो गए। कमर के नीचे से दोनों पैर अलग हो गए।

हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

हादसा करीब 3:45 बजे हुआ। मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी लोकेश कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्लेटफॉर्म पर फिसलने के बाद वे लोकमान्य तिलक-गोरखपुर-मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20103) की चपेट में आ गए। हादसे के समय बारिश हो रही थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि प्लेटफॉर्म पर जमा बारिश के पानी के कारण लोकेश का पैर फिसला होगा और वे चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस ने अभी हादसे की वजह की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस दुर्घटना के साथ आत्महत्या की संभावना को भी जांच के दायरे में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना अचानक हुई। ट्रेन की चपेट में आने के बाद लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ वहां मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई।

तीन साल से हरदा में थे पदस्थ

लोकेश कुमार राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले थे। वे पिछले करीब तीन वर्षों से हरदा में पदस्थ थे और शहर में किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस के अनुसार फिलहाल प्रारंभिक तौर पर हादसे की आशंका है, लेकिन मौत की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस दुर्घटना और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि लोकेश की मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे