home page

ग्वालियरः जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन शुरू, पहले दिन 16 किसानों से हुई 690 क्विंटल गेहूँ की खरीदी

 | 
ग्वालियरः जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन शुरू, पहले दिन 16 किसानों से हुई 690 क्विंटल गेहूँ की खरीदी


- व्यवस्थाओं को बेहतर कराने खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करने पहुँचे वरिष्ठ अधिकारी

ग्वालियर, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बुधवार से समर्थन मूल्य पर गेहूँ का उपार्जन शुरू हो गया है। जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिये 38 उपार्जन केन्द्र शुरू हो गए हैं। जिले में कुल 41 खरीदी केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।

विभिन्न खरीदी केन्द्रों पर किसान भाईयों से तौल – कांटों का पूजन कराकर गेहूँ का उपार्जन शुरू किया गया। पहले दिन पाँच उपार्जन केन्द्रों पर 16 किसानों से लगभग 690 क्विंटल गेहूं की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई। स्लॉट बुकिंग के अनुसार किसानों से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है।

उपार्जन के पहले दिन कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिले के एसडीएम व अन्य राजस्व अधिकारी एवं जिला आपूर्ति अधिकारी सहित उपार्जन से जुड़े अन्य अधिकारी खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के लिये पहुँचे। उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा इस साल 40 रुपये बोनस सहित 2625 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से समर्थन मूल्य पर गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है। प्रत्येक खरीदी केन्द्र पर किसानों के लिये पेयजल, छाया व पेयजल इत्यादि के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश निरीक्षण के दौरान दिए गए। साथ ही गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर किसानों के लिये छाछ, शरबत व ओआरएस का इंतजाम करने के लिये भी कहा गया।

प्राथमिक चिकित्सा किट की व्यवस्था भी सभी खरीदी केन्द्रों पर सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि उपार्जन केन्द्रों पर अग्निशमन यंत्र, रेत, बाल्टियां एवं गेहूँ को ढकने के लिये तिरपाल इत्यादि की पुख्ता व्यवस्था रहे। प्रत्येक केन्द्र पर शिकायत व सुझाव पंजी संधारित करने के लिये कहा गया।

अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों के तौल-कांटों की जांच की गई। साथ ही बारदाने की उपलब्धता की वस्तुस्थिति भी जानी। एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह एवं जिला आपूर्ति अधिकारी अरविंद सिंह भदौरिया ने बुधवार को उटीला स्थित सहकारी समिति व भगवती वेयरहाउस पिंटो पार्क उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। इसी तरह एसडीएम भितरवार राजीव समाधिया द्वारा बनवार सहित क्षेत्र के अन्य उपार्जन केन्द्रों का जायजा लिया गया। राजस्व अधिकारियों द्वारा खरीदी के पहले दिन पिछोर, डबरा, शुक्लहारी, डबरा गांव व आंतरी सहित जिले के विभिन्न खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान किसानों को गर्मी के मौसम में धान की फसल न लगाने के लिये प्रेरित किया गया। किसानों को बताया गया कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी रहती है। साथ ही खेतों में पानी भरे रहने से उत्पादन क्षमता भी घटती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर