home page

ग्वालियरः कृषि विभाग के दलों ने 10 खाद दुकानों का किया औचक निरीक्षण

 | 
ग्वालियरः कृषि विभाग के दलों ने 10 खाद दुकानों का किया औचक निरीक्षण


- पीओएस में दर्ज स्टॉक एवं मौके पर उपलब्ध खाद भण्डारण का किया गया मिलान

ग्वालियर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के किसानों को राज्य शासन द्वारा लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था के तहत पारदर्शिता के साथ गुणवत्तायुक्त खाद (उर्वरक) उपलब्ध कराने के लिये जिला प्रशासन द्वारा लगातार खाद-बीज की दुकानों का निरीक्षण कराया जा रहा है। इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर कृषि विभाग के दलों द्वारा रविवार को जिले की 10 खाद दुकानों का निरीक्षण किया गया।

कृषि उप संचालक भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि विभाग के निरीक्षण दलों द्वारा खाद की दुकानों पर पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। साथ ही ई-टोकन व्यवस्था को पारदर्शिता के साथ लागू कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन खाद की दुकानों पर पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान नहीं होगा, उनके खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जायेगी।

कृषि उप संचालक ने बताया कि रविवार को विभागीय दलों द्वारा गणेश ट्रेडिंग कंपनी मुरार, न्यू गंभीर खाद भण्डार मुरार, माठूलाल हरिशंकर गंज मुरार, शिव फर्टिलाइजर लक्ष्मीगंज, सांई कृषि सेवा केन्द्र व शीतला खाद बीज भण्डार गुड़ी गुड़ा का नाका का निरीक्षण किया गया। इसी तरह विभागीय टीम ने डबरा स्थित कामतानाथ बीज भण्डार, माँ उर्वरक खाद भण्डार व किसान एग्रीटेक संस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीओएस में दर्ज खाद स्टॉक और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खाद वितरण में पारदर्शिता के साथ कोई समझौता न हो। साथ ही किसानों को ई-टोकन व्यवस्था के तहत सुचारू रूप से खाद दिलाना सुनिश्चित करें। किसानों के हितों के विपरीत कोई अनियमितता पाई जाए तो सख्त कार्रवाई करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर