home page

ग्वालियरः खाद की कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने पर होगी सख्त कार्रवाई

 | 
ग्वालियरः खाद की कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने पर होगी सख्त कार्रवाई


- किसान भाईयों से अपील टोकन से ही खरीदें खाद

ग्वालियर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में खाद की कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री तथा खाद वितरण में अनियमितताओं को सख्ती से रोका जायेगा। किसानों को उचित मूल्य पर और आसानी से खाद उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर कृषि विभाग के संभाग एवं जिला स्तरीय निरीक्षण दलों द्वारा खाद विक्रय केंद्रों, निजी दुकानों और सहकारी संस्थाओं की लगातार जांच की जा रही है।

कृषि उप संचालक भानुप्रकाश शर्मा ने गुरुवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद के वास्तविक भंडार का मिलान पीओएस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक से किया जा रहा है। साथ ही निर्धारित विक्रय दर, उपलब्ध स्टॉक, दुकान पर मूल्य सूची का प्रदर्शन और खाद वितरण की प्रक्रिया भी जांची जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग द्वारा किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे खाद केवल टोकन के आधार पर ही खरीदें। यदि कोई खाद विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है, खाद के साथ अन्य उत्पाद खरीदने की अनिवार्यता बताता है अथवा खाद वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता करता है, तो इसकी शिकायत कृषि विभाग को करें।

किसान भाईयों से आग्रह किया गया है कि शिकायत करते समय संबंधित विक्रेता का नाम, दुकान का पता, खाद की किस्म, निर्धारित एवं मांगी गई कीमत तथा उपलब्ध बिल, रसीद या अन्य प्रमाण अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि शिकायत की जांच कर दोषी विक्रेता के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों को आश्वस्त किया है कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत उन्हें पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर