ग्वालियरः रेलवे स्टेशन पर बाल संरक्षण एवं बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए चलाया विशेष अभियान
- संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर का किया निरीक्षण, 21 वयस्क महिला एवं पुरुषों को पकड़ा
ग्वालियर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में महिला एवं बाल विकास विभाग, रेलवे प्रशासन, रेलवे पुलिस बल, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त दल द्वारा शनिवार को रेलवे स्टेशन ग्वालियर पर बाल संरक्षण एवं बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान का उद्देश्य देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा रेलवे स्टेशन परिसर को बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त रखने के लिए आवश्यक कदम उठाना था। अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक मनीष सिंह, रेलवे प्रशासन के स्टेशन मैनेजर जी.एस. राठौर, रेलवे पुलिस बल के उप निरीक्षक मनोज कुमार, विशेष किशोर पुलिस इकाई के सदस्य तथा सामाजिक न्याय विभाग से संबंधित संस्था यूनिसन एजुकेशन सोसाइटी के प्रतिनिधि शामिल हुए। संयुक्त दल ने रेलवे स्टेशन परिसर, विभिन्न प्लेटफॉर्म एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान बाल भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों तथा अकेले, असुरक्षित अथवा प्रतिकूल परिस्थितियों में पाए जाने वाले बच्चों की पहचान के लिए विशेष निगरानी एवं पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान बाल भिक्षावृत्ति में संलग्न कोई भी बच्चा नहीं मिला। इसलिए किसी बच्चे के रेस्क्यू अथवा संरक्षण की आवश्यकता नहीं पाई गई।
रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर अनाधिकृत रूप से भिक्षावृत्ति करने वाली वयस्क महिलाओं एवं पुरुषों की मौजूदगी एक प्रमुख समस्या है। इस समस्या के निराकरण के लिए सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट मुस्कान के तहत बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम दल में शामिल सामाजिक संस्था यूनिसन एजुकेशन सोसाइटी के प्रतिनिधियों द्वारा कुल 21 वयस्क महिला एवं पुरुषों को पुनर्वास के लिए संस्था ले जाया गया। रेलवे प्रशासन एवं स्टेशन मैनेजर जी.एस. राठौर ने स्टेशन परिसर में भिक्षावृत्ति एवं अनाधिकृत रूप से रहने की समस्या के निराकरण के लिए सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से पुनः विशेष अभियान आयोजित करने का अनुरोध किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

