ग्वालियरः धनतेरस पर गाँव-गाँव में निःशुल्क ई-रजिस्ट्री के लिए चला विशेष अभियान
- स्वामित्व अधिकार योजना ने ग्रामीणों के घरों में खुशी के दीपक जलाए हैं: सांसद कुशवाह
ग्वालियर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में भी धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को “मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना” (स्वामित्व योजना) के तहत नि:शुल्क रजिस्ट्री करने के लिये गाँव-गाँव में विशेष अभियान का आयोजन हुआ।
सांसद भारत सिंह कुशवाह तानसेन तहसील के ग्राम आरोली में अभियान के तहत आयोजित हुए कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्रामीण अंचल में निवासरत लोगों के घरों में खुशियों के दीप जलाए हैं। इस योजना के तहत ग्रामीणों के नाम आबादी भूमि की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर सरकार ने उनका मान-सम्मान तो बढ़ाया ही है, साथ ही उन्हें वैधानिक रूप से संपत्ति का मालिक भी बनाया है।
सांसद कुशवाह की मौजूदगी में आरोली में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत ग्रामीणों की ई-रजिस्ट्री भी की गई। आरोली ग्राम में 126 ई-रजिस्ट्री की जाना है। इनमें से 98 लोगों की रजिस्ट्री कर दी गई हैं।
ग्रामीणों ने तेजी के साथ ई-रजिस्ट्री करने के लिये गाँव की पटवारी आरजू पाण्डेय की खुलकर सराहना की। कार्यक्रम में दशरथ सिंह गुर्जर, हरकेन्द्र सिंह बघेल, सुधाकर पाठक, छविराम कुशवाह व पीपी नरवरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण मनीषा कॉल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
आरोली के स्कूल परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कुशवाह ने कहा कि असली त्यौहार व पूजा गरीबों की सेवा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार इसी भाव के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने तत्परता के साथ रजिस्ट्री करने के लिये राजस्व विभाग की टीम की सराहना की। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधिगणों से आग्रह किया कि वे राजस्व टीम की मदद करें, जिससे शेष ई-रजिस्ट्री का काम जल्द से जल्द पूर्ण हो सके।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी में स्थित मकानों एवं अन्य संपत्तियों का सर्वेक्षण कर पात्र ग्रामीणों को अधिकार अभिलेख एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। संपत्ति के इन दस्तावेजों के आधार पर ग्रामीण जन अब बैंक से लोन लेने के साथ-साथ कानूनी तौर पर बैंक गारंटी भी दे सकेंगे। सरकार ई -रजिस्ट्री का खर्च स्वयं वहन कर रही है। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत धनतेरस के अवसर पर नि:शुल्क ई-रजिस्ट्री करने के लिये चलाए गए विशेष अभियान के तहत आरोली की तरह तानसेन तहसील के ग्राम डगौरा, ग्वालियर ग्रामीण तहसील के ग्राम कैंथा, मुरार तहसील के ग्राम हीरी, भितरवार तहसील के ग्राम रिछारीखुर्द व डबरा तहसील के ग्राम रायपुर में जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके अलावा जिले के अन्य ग्रामों में भी इसी तरह स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में रजिस्ट्री करने का कार्य किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

