home page

ग्वालियरः जिला प्रशासन ने रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की 107 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई

 | 
ग्वालियरः जिला प्रशासन ने रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की 107 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई


- भूमि का कब्जा मंदिर ट्रस्ट को सौंपा गया

ग्वालियर, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर गई जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विकासखंड घाटीगांव के अंतर्गत झांकरी ग्राम में बड़ी कार्रवाई कर श्री रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की 107 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

एसडीएम राजीव समाधिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए लोगों को बेदखल कर मंदिर की जमीन का विधिवत कब्जा मंदिर के पुजारी कमलानंद महाराज को सौंपा गया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। मंदिर के पुजारी द्वारा भूमि की सीमाओं पर मुड्डियां गड़वाकर भूमि का कब्जा प्राप्त किया गया। जानकारी के अनुसार लगभग 35 अतिक्रमणकारी पिछले 25 से 30 वर्षों से इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए थे।

यह कार्रवाई एसडीएम राजीव समाधिया, एसडीओपी जितेन्द्र नगाइच, तहसीलदार रुचि अग्रवाल, नायब तहसीलदार पूजा मावई, थाना प्रभारी भितरवार एवं चीनोर सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी एवं धार्मिक संस्थाओं की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर