ग्वालियरः प्रधान जिला न्यायाधीश ललित किशोर ने किया केन्द्रीय जेल का निरीक्षण
ग्वालियर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने गुरुवार को केन्द्रीय जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश ललित किशोर ने निरीक्षण के दौरान जेल में निरूद्ध बंदियों की रहने की स्थिति, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुविधाओं की सघन समीक्षा की, साथ ही जेल में ऐसे निरूद्ध बंदी जिन्हें कानूनी सहायता की आवश्यकता है, उनकी समय पर जमानत आवेदन, अपील, रिवीजन इत्यादि कार्रवाई करने के लिए जेल अधिकारियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल की बैरकों, पाकशाला और जेल अस्पताल का निरीक्षण कर उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार पांडे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुष्पेंद्र सिंह, प्रभारी कलेक्टर सोजान सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, केंद्रीय जेल के अधीक्षक राकेश कुमार एवं जेल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

