home page

ग्वालियरः पशुओं के उपचार के लिये “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” खोलने की तैयारियां तेज हुईं

 | 
ग्वालियरः पशुओं के उपचार के लिये “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” खोलने की तैयारियां तेज हुईं


ग्वालियर, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पशुओं के उपचार के लिये अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” खोलने की तैयारियां तेज हो गईं हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गत 4 मई को ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित हुए राज्य स्तरीय पशुपालक एवं दुग्ध उत्पादक सम्मेलन में यह वेलनेस सेंटर खोलने की घोषणा की थी। ग्वालियर में हेमसिंह की परेड स्थित संभागीय पशु चिकित्सालय का उन्नयन “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” के रूप में किया जायेगा। जिसमें पशुपालकों को अपने पशुधन के स्वास्थ्य एवं उपचार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगीं।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने संभागीय पशु चिकित्सालय के एक्सरे, अल्ट्रासोनोग्राफी व शल्यचिकित्सा कक्ष इत्यादि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल के सभी उपकरण सुचारू रहें। उपकरणों की समय से सर्विस कराई जाए। चिकित्सालय परिसर में बने ऐसे भवन जो अभी उपयोग में लिए नहीं जा रहे हैं उनमें आवश्यक कार्य कराकर मेला परिसर में स्थित पशु चिकित्सा इकाई को स्थानांतरित कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। साथ ही यहां बनाए गए गेस्ट हाउस का उपयोग करने पर भी बल दिया।

कलेक्टर चौहान ने यह भी निर्देश दिए कि पशु चिकित्सालय में पदस्थ सभी चिकित्सक व स्टाफ समय पर उपस्थित हो। साथ ही निर्धारित समय के बाद ही कार्यालय छोडें। उन्होंने इसके लिये चिकित्सालय परिसर में ई-अटेंडेंस व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर जुही गर्ग, उप संचालक पशुपालन डॉ. उमेश दांतरे एवं पीआईयू के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर