home page

ग्वालियरः जिले में 2,355 केन्द्रों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा

 | 
ग्वालियरः जिले में 2,355 केन्द्रों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा


- 23 व 24 नवम्बर को घर-घर जाकर दी जायेगी पोलियो की खुराक

ग्वालियर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान रविवार को दो हजार 355 केन्द्रों पर जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सिविल अस्पताल बिरलानगर पहुँचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। इसके साथ ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने ठाठीपुर स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुँचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान के तहत शतप्रतिशत चिन्हित बच्चों को दवा पिलाने के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन के अनुसार, ग्वालियर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत निर्धारित किए गए 2 हजार 355 बूथों पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर न केवल जन्म से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई बल्कि सभी को पल्स पोलियो अभियान में सहयोग कर लक्षित सभी बच्चों को दवा पिलाने के लिये अभिभावकों को प्रेरित करने का आग्रह भी किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एस सागर ने बताया कि ग्वालियर जिले में 3 लाख 30 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रविवार को निर्धारित सभी केन्द्रों पर दवा पिलाई गई है। इसके साथ ही जो बच्चे दवा पीने से वंचित रह गए हैं, उन्हें 23 एवं 24 नवम्बर को घर-घर जाकर स्वास्थ्य कार्यकर्ता पोलियो की दवा पिलाने का कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर