home page

मप्रः ग्वालियर पुलिस ने गुम हुए 6 वर्षीय बालक को रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर सकुशल परिजनों से मिलाया

 | 
मप्रः ग्वालियर पुलिस ने गुम हुए 6 वर्षीय बालक को रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर सकुशल परिजनों से मिलाया


- 200 पुलिसकर्मियों की संयुक्त कार्रवाई, ट्रॉली के अंदर सोता हुआ मिला बालक

भोपाल, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की ग्वालियर पुलिस ने संवेदनशीलता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक 6 वर्षीय बालक को गुम होने के कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि ग्वालियर जिले के थाना पुरानी छावनी क्षेत्र स्थित रूद्रपुरा से मंगलवार की रात एक 6 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। बालक के परिजन द्वारा बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में मजदूरी का कार्य कर रहा है तथा बालक खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया।

नाबालिग बालक के गुम होने की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में तत्काल विशेष पुलिस दल का गठन कर बालक की सुरक्षित तलाश हेतु जिलेभर में समन्वित कार्रवाई शुरू की गई। सर्च अभियान में थाना पुरानी छावनी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस लाइन से विशेष बल तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों सहित लगभग 200 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाया गया। बालक की तलाश के लिए क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग की गई, सीसीटीवी फुटेजों का परीक्षण किया गया तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों और अन्य संभावित स्थानों पर गहन जांच की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन वाहनों की भी सघन जांच की गई तथा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों को तत्काल सूचना प्रसारित कर अलर्ट किया गया।

पुलिस टीमों के निरंतर प्रयासों एवं रातभर चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान बालक को देर रात रूद्रपुरा क्षेत्र में एक ट्रॉली के भीतर सुरक्षित अवस्था में सोते हुए खोज लिया गया। पुलिस द्वारा बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने ग्वालियर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यप्रणाली की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर