ग्वालियरः महाकाल कोल्ड स्टोरेज के संचालक पर 2.25 करोड़ की दाल हड़पने का आरोप, एफआईआर दर्ज
ग्वालियर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुरानी छावनी स्थित महाकाल कोल्ड स्टोरेज के संचालक पर दाल बाजार के एक कारोबारी के साथ 2 करोड़ 25 लाख रुपये की दाल हड़पने के आरोप में शनिवार को एफआईआई दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जिला न्यायालय के आदेश के बाद हुई है।
आरोप है कि कारोबारी द्वारा कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाई गई 6565 बोरी मसूर, मलका, उड़द दाल और काबुली चना वापस नहीं किया गया। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने महाकाल कोल्ड स्टोरेज के संचालक महेश कुमार अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अमानत में खयानत संबंधी धाराओं सहित अन्य प्रासंगिक प्रविधानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चेतकपुरी विजय नगर निवासी कारोबारी जयराम डिगवानी दाल बाजार में भरत ट्रेडिंग कंपनी का संचालन करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि सितंबर 2023 में अपने पुराने कारोबारी संबंधों के चलते महाकाल कोल्ड स्टोरेज के संचालक महेश कुमार अग्रवाल के यहां अपनी फर्म का भारी मात्रा में स्टॉक सुरक्षित रखवाया था। इस स्टॉक में 6565 बोरी दाल और काबुली चना शामिल था, जिसकी कीमत करीब 2.25 करोड़ रुपये बताई गई है।
शिकायत के मुताबिक, जब वह स्टॉक वापस लेने और अंतिम हिसाब करने के लिए कोल्ड स्टोरेज पहुंचे तो संचालक महेश अग्रवाल अपने साथियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने माल की मूल रसीदें टेबल पर रखीं, आरोपियों ने रसीदें छीन लीं। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उस समय पुलिस ने केवल मारपीट का मामला दर्ज किया, जबकि करोड़ों रुपये के माल के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि माल वापस लेने के लिए उन्होंने व्यापारिक संगठनों, सामाजिक स्तर पर पंचायतों और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई। नवंबर 2025 में उन्होंने पुरानी छावनी थाने में दोबारा शिकायत दी और बाद में आईजी व एसपी की जनसुनवाई में भी पहुंचे, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद जयराम डिगवानी ने जिला न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए पुरानी छावनी थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश के पालन में पुलिस ने महेश कुमार अग्रवाल के खिलाफ अमानत में खयानत सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव का कहना है कि न्यायालय के आदेश के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साक्ष्य मिलने पर आरोपी की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी के प्रयास भी किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

