home page

ग्वालियरः बारिश के कारण सड़कों पर एकत्र होने वाले निराश्रित पशुओं को शिफ्ट करने के निर्देश

 | 
ग्वालियरः बारिश के कारण सड़कों पर एकत्र होने वाले निराश्रित पशुओं को शिफ्ट करने के निर्देश


- अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

ग्वालियर, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर बारिश की वजह से एकत्र होने वाले निराश्रित पशुओं को अभियान बतौर दूसरी जगह शिफ्ट करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। निराश्रित पशुओं को शिफ्ट करने के लिये सड़क मार्ग से कम से कम 50 से 100 मीटर दूर शेड बनवाए जाएं। यह शेड सड़क मार्गों के किनारे बसीं ग्राम पंचायतों के अंतर्गत वीबी जी राम जी सहित अन्य योजनाओं के संयोजन से बनवाए जा सकते हैं।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की कलेक्टर रुचिका चौहान ने उक्त निर्देश गुरुवार को हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, पीएमजीएसवाय एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निराश्रित पशुओं को शिफ्ट करने की नियमित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत श्रमिकों का अभियान बतौर पंजीयन करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं महिलायें एवं बड़े-बड़े निर्माण कार्यों में संलग्न श्रमिकों का पंजीयन कराया जाए। कोई भी पात्र श्रमिक पंजीयन से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभी तक की प्रगति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को आगाह किया कि आगे प्रगति ठीक नहीं हुई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। बैठक में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सी बी प्रसाद व अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

गणेश प्रतिमा बनाने वाले शिल्पियों की बैठक लेकर बताएं ज्यादा ऊँचीं प्रतिमा न बनाएं

कलेक्टर रुचिका चौहान ने आगामी गणेश उत्सव को ध्यान में रखकर जिले के सभी एसडीएम को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर गणेश प्रतिमा बनाने वाले शिल्पियों एवं प्रतिमा स्थापित करने वाली समितियों की बैठक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन बैठकों के माध्यम से उन्हें समझाएं कि निर्धारित ऊंचाई से ज्यादा ऊँची प्रतिमा न बनाएं, जिससे स्थापना व विसर्जन के लिये प्रतिमा ले जाते समय कठिनाई न आए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि प्रतिमा बनाने वाले शिल्पियों को एनजीटी के निर्देशों की जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्हें साफ तौर पर बता दें कि पीओपी की प्रतिमाएं न बनाएं। उन्होंने कहा जिलेवासियों को मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के लिये जागरूक करें।

जिले भर में अभियान बतौर करें स्कूली वाहनों की जाँच

कलेक्टर ने स्कूली बसों की अभियान बतौर जाँच करने पर बैठक में विशेष जोर दिया। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी व जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि एलपीजी से चलने वाले वाहनों का उपयोग स्कूली बच्चों के परिवहन में कदापि न होने दें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी तरह ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चे कदापि न बैठाने दें। उन्होंने स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच कर बच्चों के लिये सुरक्षित आवागमन सुविधा मुकम्मल करने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय रोजगार मेला की तैयारियों की भी हुई समीक्षा

जिले में अगस्त माह के दूसरे पखवाड़े में जिला स्तरीय वृहद रोजगार मेला सह युवा संगम प्रस्तावित है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने उद्योग विभाग सहित सभी विभागों से समन्वय बनाकर रोजगार मेले के लिये कंपनियों से चर्चा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में अधिक से अधिक कंपनियां बुलाई जाएं। साथ ही मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें, जिससे अधिकाधिक युवाओं को प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप नौकरी व रोजगार मिल सके।

यह भी निर्देश दिए

- जरूरतमंद किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिये कस्टम हायर सेंटर का प्रचार-प्रसार करें।

- सार्थक एप पर कृषि व उससे जुड़े विभागों के सभी अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्यत: उपस्थिति व ऑन बोर्डिंग स्थिति दर्ज करें।

- केपीआई (की पर्फोमेंस इंडीकेटर) के आधार पर की योजनाओं की समीक्षा। कम प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिये किया आगाह।

- सीएम हैल्पलाइन की वर्तमान प्रगति पर जताया संतोष और अच्छा प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों को दी चेतावनी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर