ग्वालियरः कुलैथ में शुक्रवार को विशाल पशुपालक सम्मेलन व पशु मेले का आयोजन
- पारंपरिक कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी व घुड़दौड़ सम्मेलन के मुख्य आकर्षण होंगे
ग्वालियर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में शुक्रवार, 13 नवम्बर को विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेला का आयोजन होगा।
प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष में यह सम्मेलन उन्नत पशुपालन एवं कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है। भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण परंपराओं के अनुरूप कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ व घुड़दौड़ जैसे आयोजन इस सम्मेलन को उत्सव का स्वरूप प्रदान करेंगे। साथ ही उन्नत पशुपालन पर केन्द्रित प्रदर्शनी एवं उत्कृष्ट नस्लों के गौवंश व भैंसवंशी पशुओं का मेला भी मुख्य आकर्षण होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं के तहत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो के माध्यम से किसानों का अभिवादन करते हुए अपरान्ह लगभग 3 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुँचेंगे। इसके बाद पशु मेला व प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसी क्रम में दीप प्रज्ज्वलन कर पशुपालक सम्मेलन व पशु मेला का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में मौजूद पशुपालकों व किसानों का आत्मीय स्वागत करेंगे। कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव विशाल पशुपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसी क्रम में हितग्राहियों को लाभ वितरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पशुपालक सम्मेलन में भाग लेने आए कृषकों के साथ सहभोज में भी शामिल होंगे।
संभागीय आयुक्त, आईजी, कलेक्टर एवं एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान व पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने गुरुवार को कुलैथ पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। सभी अधिकारियों ने हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, पशुपालकों व किसानों की बैठक व्यवस्था, बैलगाड़ी दौड़ व घोड़ा दौड़ स्थल इत्यादि का जायजा लिया। संभागीय आयुक्त खत्री ने व्यवस्था से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे पशुपालकों व किसानों सहित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे नागरिकों को कोई असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

