home page

ग्वालियरः मुरार क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में आग, फायर अमले के साथ अधिकारी भी मौके पर

 | 
ग्वालियरः मुरार क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में आग, फायर अमले के साथ अधिकारी भी मौके पर


ग्वालियर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में उपनगर मुरार के बंशीपुरा में शनिवार को इलेक्ट्रोनिक सामान एवं फर्नीचर की दुकानों में शनिवार शाम को भीषण आग लग गई। आग ने पूरे गोदाम के साथ आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। गोदाम में रखा टीवी, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, अलमारी, पानी की मोटर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया।

आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई देता रहा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग डर के कारण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आग बुझाने के लिए नगर निगम, सेना, एयरफोर्स, मालनपुर, मुरैना समेत विभिन्न विभागों की फायर ब्रिगेड और निजी फायर टैंकर लगातार मौके पर जुटे हैं। देर रात तक राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पाने के लिये तत्परता से कार्रवाई प्रारंभ की। कलेक्टर रुचिका चौहान भी सूचना मिलते ही बंशीपुरा पहुँच गई और आग को बुझाने के लिये की जा रही कार्रवाई का अवलोकन करने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों से भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अग्नि दर्घटना पर काबू पाने के लिये तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगर निगम के माध्यम से तत्परता से आग पर काबू पाने के लिये फायर ब्रिगेड पहुँचाई गईं और सम्पूर्ण अमला आग को बुझाने के कार्य में लग गया है। इस मौके पर एसडीएम नरेशचंद गुप्ता, नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, पुलिस अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी मौके पर पहुँचे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने आग पर काबू पाने के लिये एयर फोर्स के अधिकारियों से भी चर्चा कर फायर की अतिरिक्त व्यवस्था कराई है। नगर निगम का फायर अमला भी पूरी मुस्तैदी के साथ आग बुझाने के कार्य में लगा हुआ है। स्थिति नियंत्रण में है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करते हुए आग पर पूरी तरह से काबू पाने के निर्देश दिए हैं। अग्नि दुर्घटना में इलेक्ट्रोनिक सामान एवं फर्नीचरों की दुकानों में आग लगी है। प्रशासन द्वारा आग बुझाने के लिये तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि मुरार के मिलिट्री एरिया के पास मार्केट क्षेत्र में एक निजी जमीन पर किराये के गोदाम बने हुए हैं। सूचना मिली थी कि एक गोदाम से तेज धुआं निकल रहा है और आग लगी हुई है। इसके बाद नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों की टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए शहर की सभी उपलब्ध फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। इलेक्ट्रॉनिक सामान में लगी आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स स्टेशन से फोम टेंडर भी मंगाए गए।

कलेक्टर के मुताबिक फिलहाल आग काफी हद तक नियंत्रण में है और राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। टीमें आग को पूरी तरह बुझाने के साथ इस बात पर भी नजर रख रही हैं कि अंदर बची चिंगारियों से दोबारा आग न भड़क सके। रिहायशी इलाके को लेकर उन्होंने कहा कि आग की जद में फिलहाल कोई मकान नहीं है। इसलिए अभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटाने (इवैक्युएशन) की आवश्यकता महसूस नहीं हुई है।

फायर कर्मचारियों के मुताबिक, आग लगने की घटना के बाद गोदाम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे अंदर जाना संभव नहीं है। बाहर की आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन अंदर अब भी लपटें धधक रही हैं। अब पाइपलाइन के जरिए भीतर तक पानी पहुंचाकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए हैं, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर