home page

ग्वालियरः एनपीएस संचय सहित अन्य विषयों पर वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
ग्वालियरः एनपीएस संचय सहित अन्य विषयों पर वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


- पेंशन निधि विनियामक द्वारा अग्रणी जिला बैंक के सहयोग से किया गया आयोजन

ग्वालियर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के अग्रणी जिला बैंक द्वारा पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के अंतर्गत ‘एनपीएस संबंध’ विषय पर गुरुवार को वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम लोगों को पेंशन योजनाओं के प्रति जागरूक करने, वित्तीय सुरक्षा के महत्व को समझाने तथा भविष्य के लिए नियमित बचत की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक स्थानीय होटल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय प्रभारी श्रीनिवास कुमार भी शामिल हुए।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय केंद्रीय समिति के सहायक महाप्रबंधक पंकज कुमार, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अमिता शर्मा, भारतीय रिजर्व बैंक के जिला विकास प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, डाकघर के अधिकारी, वित्तीय सेवा केंद्रों के प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली और पेंशन से जुड़ी अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने नियमित बचत के महत्व को समझाते हुए बताया कि समय रहते पेंशन की योजना बनाने से भविष्य में आर्थिक सुरक्षा मिलती है। उपस्थित लोगों को पेंशन योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया, उनके लाभ तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। साथ ही, बैंकों, डाकघरों, वित्तीय सेवा केंद्रों और अन्य संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में किसानों, ग्रामीण परिवारों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा वित्तीय सेवाओं से जुड़े विभिन्न प्रतिनिधियों की भागीदारी रही। उन्हें पेंशन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पेंशन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नियमित बचत और सही समय पर पेंशन की योजना बनाना सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर