ग्वालियरः खुर्जेवाला मोहल्ला में आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचीं कलेक्टर, दिए जांच के निर्देश
- नगर निगम के दमकल दस्ते ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से आग पर पाया काबू
ग्वालियर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लश्कर क्षेत्र की पुरानी बस्ती खुर्जेवाला मोहल्ला में बनी एक मल्टी के बेसमेंट में बुधवार को आग लगने की घटना हुई। यह सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम के दमकल दस्ता, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा। साथ ही स्वयं भी मौके पर पहुँची।
नगर निगम के दमकल दस्ते एवं स्थानीय मोहल्ले के निवासियों के साझा प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया है। जिस मल्टी के बेसमेंट में आग लगी थी उस मल्टी में निवासरत लगभग 20 परिवारों को एहतियात बतौर सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मल्टी के बेसमेंट में रखे पेंट, सेनेटाइजर एवं दवाईयों इत्यादि में आग लगी थी।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने आग लगने की सम्पूर्ण घटना की बारीकी से जांच करने के निर्देश नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने हिदायत दी है कि मल्टी के बेसमेंट में सामग्री रखने की अनुमति व मल्टी की छत पर लगे टावर की परमीशन इत्यादि की खासतौर पर जांच की जाए। साथ ही जाँच के दौरान इस पर भी नजर रखें कि यदि ऐसी वस्तु जिसके भण्डारण के लिये पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है, उसकी अनुमति है कि नहीं। विधिवत अनुमति, अन्य कानूनी प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों इत्यादि का पालन सही न पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मौके पर पहुँचीं कलेक्टर रुचिका चौहान ने मल्टी में निवासरत परिवारों एवं खुर्जेवाला मोहल्ला के अन्य निवासियों से भी चर्चा की। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि आप सबकी सुरक्षा व सुविधा के लिये प्रशासन कटिबद्ध है। आग लगने की घटना की बारीकी से जांच की जायेगी और जाँच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई होगी। इस मौके पर नगर निगम के अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

