ग्वालियरः शीतला माता मंदिर हादसे में गंभीर रूप से घायल एक और मरीज को एयर एम्बूलेंस से एम्स में भर्ती कराया
ग्वालियर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के समीप हुई दु:खद दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मरीजों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर एयर लिफ्ट कर उच्च स्तरीय इलाज के लिये एम्स में भर्ती कराया जा रहा है। इस क्रम में गुरुवार को एक और घायल मरीज को एयर लिफ्ट कर एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि आरजेएन अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में भर्ती अंकित पुत्र जयनारायण निवासी मनोहर का पुरा तहसील गोहद जिला भिण्ड को एयर एम्बूलेंस के जरिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया। इससे पहले कल्पना परिहार निवासी ठाठीपुर, संजय शर्मा निवासी करनाल साहब की ढ्योड़ी व शैलेन्द्र सिंह तोमर निवासी मुरैना को एयर एम्बूलेंस के माध्यम से एम्स में भर्ती कराया जा चुका है। दुर्घटना में घायल मरीजों के इलाज पर मुख्यमंत्री स्वयं नजर रख रहे हैं।
जेएएच के ट्रामा सेंटर सहित शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर रुचिका चौहान स्वयं इलाज की प्रतिदिन समीक्षा कर रही हैं। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभाग के अन्य अधिकारियों को प्रतिदिन निजी अस्पतालों में पहुँचकर मरीजों का हालचाल जानने एवं उनका बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

