home page

ग्वालियरः टेंडर के बाद कार्य शुरू नहीं करने वाली जिले की 19 कंस्ट्रक्शन फर्म ब्लैक लिस्ट

 | 
ग्वालियरः टेंडर के बाद कार्य शुरू नहीं करने वाली जिले की 19 कंस्ट्रक्शन फर्म ब्लैक लिस्ट


ग्वालियर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में टेंडर लेने के बाद कार्य शुरू न करने एवं टेंडर लेने के बाद अनुबंध संपादित नहीं करने वाले 19 ठेकेदारों की फर्मों के खिलाफ राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख अभियंता ने सख्त कार्रवाई की है। ऐसे 19 ठेकेदारों की फार्मों को प्रमुख अभियंता प्रदीप एस मिश्रा ने रविवार को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। अब यह ठेकेदार ब्लैक लिस्ट में रहने तक किसी भी टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, राज राजेश्वरी एसोसिएट कुबेर आश्रम इंद्रा नगर ने वार्ड क्रमांक 30 स्थित कैलाश विहार एथीना बिल्डिंग से सिटी सेंटर मुख्य मार्ग तक स्टोर्म वाटर ड्रेनेज की लाइन डालने का टेंडर 23 दिसंबर 2022 में निविदा दर से 32.77 न्यूनतम दर पर लिया था, 10 फरवरी 2023 को कार्यादेश जारी किया गया, लेकिन इसके बाद कई बार अधिकारियों के व्यक्तिगत एवं लिखित में निर्देश देने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। इसके चलते प्रमुख अभियंता प्रदीप एस मिश्रा ने तीन साल के लिए फर्म को ब्लैक लिस्ट करने एवं परफार्मेंस राशि राजसात करने के निर्देश दिए हैं।

इसी प्रकार समधिया कंस्ट्रक्शन चिक संतर मुरार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में वार्ड क्रमांक 17 कांचमिल शीतला माता मंदिर के पास सीसी रोड़ निर्माण कार्य का 29.32 प्रतिशत न्यूनतम राशि पर टेंडर लिया था, लेकिन इसके बाद कार्य प्रारंभ नहीं किया इसके चलते समाधिया कंस्ट्रक्शन को 2 साल के लिए ब्लैक लिस्टेड करने एवं धरोहर राशि राजसात करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार बाबा मोर्धन इंटप्राइजेज ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में वार्ड क्रमांक 1 में जिन्नातों की मस्जिद के पास सामुदायिक भवन, टायलेट एवं बाउण्ड्रीबाल निर्माण कार्य का टेंडर 23.60 प्रतिशत न्यूनतम दर पर लिया था, लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, इसके कारण फार्म को 2 साल के लिए ब्लैक लिस्ट करने एवं धरोहर राशि राजसात करने के निर्देश दिए गए हैं।

बुंदेला एसोसिएट सुभाष नगर हजीरा ने वार्ड 12 स्थित रसूलाबाद में गली के पीछे सीसी नाला निर्माण के कार्य का टेंडर लिया गया था, लेकिन इसके बाद फर्म ने अनुबंद सम्पादित नहीं किया, जिसके चलते कार्य प्रारंभ नहीं हो सका इसके चलते फर्म को 1 साल के लिए काली सूची में डाला गया है। श्रीश्याम हरीशरण इंटरप्राइजेज ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में क्रांति नगर एवं गायत्री नगर में विभिन्न गलियों के निर्माण कार्य का टेंडर लिया था, लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं किया। इसके चलते फर्म को 1 साल के लिए काली सूची में शामिल किय गया है।

इसी प्रकार राज कंस्ट्रक्शन 40 आशीर्वाद सिटी सेंटर ने वार्ड क्रमांक 66 स्थित ग्राम बरूआ पिछोर में शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मरम्मत का कार्य लिया था, लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं किया इसके चलते फर्म को 2 साल के लिए काली सूची में डाला गया है। जय हनुमान सुदामापुरी सिंहपुर रोड मुरार ने वार्ड क्रमांक 61 में मुक्तिधाम की बाउण्ड्रीबाल की मरम्मत का टेडर लिया था, लेकिन कार्य प्रांरभ नहीं किया, इसके चलते फर्म को 2 साल के लिए काली सूची में डाल गया है। कृष्णा कंस्ट्रक्शन दर्पण कालोनी ने देवाशीष एन्कलेव कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण का टेंडर लिया था, लेकिन टेंडर के बाद फर्म ने अनुबंद सम्पादित नहीं किया, जिसके चलते फर्म को 2 साल के लिए काली सूची में डाला गया है।

इसी प्रकार विभिन्न कार्यों के टेंडर लेने के बाद कार्य प्रारंभ नहीं करने वाली फर्म नक्षत्र इंफाटेक 126 इंद्रमणि नगर को 2 साल, दिनेश आर्य पुरानी कचेरी घासमंडी को 2 साल, वीर सिंह कंस्ट्रक्शन को 2 साल, मैसर्स गौतम कंस्ट्रक्शन को 2 साल, मैसर्स मध्येश कंस्ट्रक्शन सी 8 बलराम नगर भिण्ड रोड को 1 साल , मैसर्स मॉं आदि शक्ति इंटरप्राइजेज को 2 साल, मैसर्स परवेज खान शिवहरे कालोनी ग्राम मोहना को 2 साल, मैसर्स जादौन कंस्ट्रक्शन कंपनी को 2 साल, मैसर्स राजराज्य इंटरप्राइजेज को 1 साल, मैसर्स एन के बिल्डकॉन को 2 साल, मैसर्स सांई कंस्ट्रक्शन को 2 साल के लिए ब्लैक लिस्टेड किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर