home page

ग्वालियरः मुंबई स्थित डॉ. आंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक के दर्शन करेंगे जिले के 156 बुजुर्ग

 | 
ग्वालियरः मुंबई स्थित डॉ. आंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक के दर्शन करेंगे जिले के 156 बुजुर्ग


- 9 सितम्बर तक भरे जा सकते हैं आवेदन

ग्वालियर, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत ग्वालियर जिले के 156 वरिष्ठ नागरिकों को इस बार मुंबई स्थित डॉ. आंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक के दर्शन का अवसर मिलेगा।

राज्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीर्थयात्रा 15 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस चार दिवसीय यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के तहत यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस यात्रा पर जाने के इच्छुक बुजुर्ग 9 सितम्बर तक अपने आवेदन भर सकते हैं। इस संबंध में जिले की चारों जनपद पंचायतों, नगर निगम सहित जिले के सभी नगर पालिका एवं नगर परिषदों के कार्यालयों में संपर्क किया जा सकता है। निर्धारित तिथि तक यदि निर्धारित कोटे से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होते हैं तो लॉटरी (कम्प्यूटराइज्ड ड्रॉ ऑफ लॉट्स) द्वारा तीर्थ यात्रियों का चयन किया जायेगा।

जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि यह प्रक्रिया 10 सितम्बर को अपरान्ह 4 बजे कलेक्ट्रेट स्थित ई-गवर्नेंस कार्यालय में सम्पन्न होगी। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत ग्वालियर जिले से कुल 156 तीर्थयात्रियों को मुंबई स्थित डॉ. आंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक की यात्रा कराई जाएगी।

यात्रा की अवधि चार दिन निर्धारित की गई है। योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक पात्र होंगे। महिलाओं के मामले में आयु सीमा में दो वर्ष की छूट का प्रावधान है। आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है। यात्रा के लिए निर्धारित आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदक द्वारा निर्धारित शर्तों एवं पात्रता का पालन किया जाना अनिवार्य होगा। यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप यात्रा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना का उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक एवं महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन द्वारा पात्र इच्छुक नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपील की गई है। आवेदन के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदक का नाम, माता-पिता/पति-पत्नी का नाम, आयु, आधार नंबर, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित दस्तावेज संलग्न करना भी आवश्यक होगा। चैत्यभूमि मुंबई के दादर स्थित एक महत्वपूर्ण स्मारक है, जहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की स्मृति से जुड़ा स्थल होने के कारण देशभर से बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से ग्वालियर के वरिष्ठ नागरिकों को इस ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थल के दर्शन का अवसर मिलना योजना की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर