home page

गुरु पूर्णिमा पखवाड़ाः स्कूलों में आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियां

 | 
गुरु पूर्णिमा पखवाड़ाः स्कूलों में आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियां


- रैली, स्लोगन, पोस्टर एवं जनजागरूकता संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में लोक शिक्षण संचालनालय, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय विद्यालयों में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सोमवार को स्कूलों में जागरूकता रैली, स्लोगन, पोस्टर सहित अन्य गतिविधियां हुई।

प्रदेश के सभी स्कूलों में आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने जनजागरूकता संदेशों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। साथ ही जागरूक समाज के निर्माण के प्रति सहभागिता और उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

पखवाड़े के अंतर्गत सांदीपनि उत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में नवीन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया जा रहा है। मुरैना, रायसेन, सीहोर, टीकमगढ़ तथा सागर सहित विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश के 22 जिलों में सांदीपनि उत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। 39 नवीन सांदीपनि विद्यालयों में से 21 विद्यालयों के नवीन भवनों का लोकार्पण हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर