home page

मप्र में महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में मनाई जाएगी गुरू पूर्णिमा

 | 
मप्र में महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में मनाई जाएगी गुरू पूर्णिमा


भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गुरू पूर्णिमा महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में 29 जुलाई को सम्पूर्ण प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को उक्त आशय का परिपत्र जारी किया है।

स्कूल एवं कॉलेजों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

जारी आदेश के अनुसार, इस वर्ष गुरू पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई 2026 को प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों, पॉलिटेकनिक कॉलेजों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में माँ सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरूजनों का स्वागत-सम्मान, व्याख्यान-उद्बोधन, छात्र शिक्षक संवाद जैसे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

मेधावी विद्यार्थी होंगे सम्मानित

संस्कृति विभाग द्वारा महर्षि सांदीपनि के जीवन पर ई-एल्बम, बुकलेट एवं महर्षि सांदीपनि का मानक चित्र उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही संस्कृति विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की 64कलाओं एवं 14 विद्याओं पर केन्द्रित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की विस्तृत रूपरेखा तैयार करेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 102 मेधावी छात्र-छात्राओं (51 स्कूल से, 51 कॉलेज-विश्वविद्यालय से) को एक मुश्त एक बार राशि 1 लाख रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी।

गुरू के नाम पर पौधा रोपण और स्वास्थ्य शिविर

आमजन को भी अपने शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक गुरूजनों के सम्मान में गुरूजी के नाम से स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थाओं आदि में उपलब्धि अर्जित करने वाले मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति/पदक/पुरस्कार संस्थापित करने के लिए प्रेरित किया जायेगा। अपने-अपने गुरू के नाम पर पौधा रोपण, स्वास्थ्य शिविर आदि कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व कार्यक्रम

महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के अवसर पर आयोजित गतिविधियों एवं कार्यक्रम में समुचित जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जायेगा एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भी सम्मिलित किया जायेगा। आयोजन उपरांत कार्यक्रम के फोटोग्राफ वीडियो एवं समाचार पत्रों की प्रति संस्कृति विभाग अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल को ई-मेल: shrikrishnapatheynyas@gmail.com पर उपलब्ध कराए जाने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर