home page

गुलाबों की खुशबू से महका गुना, कलेक्टर ने किया संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ

 | 
गुलाबों की खुशबू से महका गुना, कलेक्टर ने किया संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ


गुना, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना में शनिवार को उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी सह कृषक कार्यशाला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर किशोर कन्याल ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

इस दौरान कलेक्टर कन्याल ने कहा कि 50 एकड़ पॉलीहाउस के लक्ष्य पर हम काम कर रहे है। हमारी योजना है कि हर साल 100 एकड़ तक हम इसे बढ़ाएं। गुना के गुलाबों की महक गांव से लेकर भोपाल और दिल्ली तक पहुंच चुकी है। गुलाबों का शहर के रूप में तो अपना जिला पहले ही पहचान बन चुका है। गुलाब खुशहाली का प्रतीक है और जीवन में खुश रहना ही हमारा सब का उद्देश्य है। रोज गुलाब है वहां खुशियां हैं या खुशियां है वह समृद्धि है।

गुना को मिली गुलाबों की नई पहचान

कलेक्टर कन्याल ने उद्यानिकी विभाग को इस सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि गुलाब की खेती ने गुना जिले को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर किए जाते रहेंगे, जिससे किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती रहे।

प्रदर्शनी में गुना जिले के पॉलीहाउस में उत्पादित उत्कृष्ट गुणवत्ता के गुलाब मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न रंगों एवं किस्मों के अंतरराष्ट्रीय स्तर के गुलाबों ने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। बड़ी संख्या में शहरवासी एवं कृषक गुलाबों की प्रदर्शनी देखने पहुंचे।

कृषक कार्यशाला में सफलता की प्रेरक कहानी

कृषक कार्यशाला में दिनेश धाकड़ (धार) ने किसानों से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में अपने गांव में पहला अमरूद बगीचा लगाया था। आज उनके गांव से प्रतिदिन लगभग 60 ट्रक अमरूद देश के विभिन्न हिस्सों में विक्रय हेतु भेजे जा रहे हैं। उन्होंने वैज्ञानिक पद्धति, उन्नत किस्मों एवं संगठित विपणन को सफलता का मूल मंत्र बताया।

कोल्ड चेन सिस्टम से बढ़ेगा निर्यात

उद्यान उपसंचालक केपीएस किरार ने बताया कि इस वर्ष पॉलीहाउस गुलाबों की गुणवत्ता सुधार एवं निर्यात संवर्धन हेतु कोल्ड चेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके अंतर्गत कोल्ड रूम एवं रेफ्रिजरेटेड वाहन किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे गुलाबों का विदेशों में निर्यात संभव हो सकेगा।

डिजिटल तकनीक से आधुनिक खेती

कार्यशाला में किसानों को गूगल मीट के माध्यम से Sharad Patil, डायरेक्टर MI Digitek द्वारा पॉलीहाउस में गुलाब की उन्नत खेती एवं सेंसर बेस्ड ऑटोमेशन फर्टिगेशन सिस्टम पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

अनुदान राशि के चेक वितरण

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर कन्याल ने नर्मदा शंकर भार्गव एवं गोपाल अग्रवाल को पॉलीहाउस निर्माण हेतु अनुदान राशि के चेक वितरित किए।संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी सह कृषक कार्यशाला का यह आयोजन किसानों के लिए प्रेरणादायी एवं तकनीकी रूप से अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषक, उद्यान प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर