home page

गुनाः संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी आज से, पॉलीहाउस गुलाब रहेंगे मुख्य आकर्षण

 | 
गुनाः संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी आज से, पॉलीहाउस गुलाब रहेंगे मुख्य आकर्षण


गुना, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में आज शनिवार से संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय मानस भवन में आयोजित इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में पॉलीहाउस में उत्पादित उत्कृष्ट एवं अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के गुलाब मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि यह आयोजन उद्यानिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शहरी सौंदर्य, हरित संस्कृति तथा उद्यानिकी आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रदर्शनी में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत पुष्पों को पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें गमला श्रेणी, एकल पुष्प (कट फ्लावर) श्रेणी तथा व्यावसायिक कट फ्लावर (20 पुष्प) श्रेणी शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी को व्यक्तिगत, संस्थागत एवं व्यवसायिक वर्गों में विभाजित किया गया है।

उद्यान उपसंचालक केपीएस किरार ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने टेरेस गार्डन, किचन गार्डन अथवा उद्यान में विकसित उत्कृष्ट पुष्पों को कम से कम आधा फीट से एक फीट लंबी डंडी सहित अथवा संपूर्ण गमले के साथ प्रातः 11:00 बजे तक प्रदर्शनी स्थल पर प्रस्तुत करें। संस्थाएं, विद्यालय, सामाजिक संगठन एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी अपने आकर्षक प्रादर्श प्रदर्शनी में सम्मिलित कर सकते हैं।

प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रविष्टियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उद्यानिकी विशेषज्ञों द्वारा शहरी बागवानी, पॉलीहाउस तकनीक एवं पुष्प उत्पादन संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए आज सायं 4:00 बजे से तथा 1 मार्च को प्रातः से संपूर्ण दिवस तक खुली रहेगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विविध रंगों एवं सुगंध से सुसज्जित पुष्पों का अवलोकन करें तथा स्थानीय उत्पादकों का उत्साहवर्धन करें, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक एवं यादगार बन सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर