मप्र के रतलाम में एक्सप्रेस-वे पर पलटी जीएसटी अधिकारी की कार, 54.50 लाख नकद और गहने मिले
- हादसे में अधिकारी समेत पत्नी और दो बेटे घायल
रतलाम, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे में गुजरात के वापी में पदस्थ जीएसटी अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल (40), उनकी पत्नी संतोष (37) और दो बेटे आदित्य (10) व अथर्व (8) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी के दौरान पुलिस को 54.50 लाख रुपये नकद और आभूषण मिले। नकदी दो बैग में रखी हुई थी। पुलिस ने रकम और गहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे जावरा औद्योगिक क्षेत्र में नीमन-नागदी के बीच हुआ। प्रवीण मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के निवासी हैं। दीपावली की छुट्टियों में वे पत्नी और बच्चों के साथ सूरत से कार द्वारा अपने गृह नगर जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार पुल से नीचे गिरकर पलट गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे चारों सदस्यों को बाहर निकालकर जावरा अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सभी को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की तो उसमें से 54.50 लाख रुपये नकद और आभूषण मिले। नकदी दो बैग में रखी थी। इनमें 500 रुपये के नोटों की 92 गड्डियां और 200 रुपये के नोटों की 10 गड्डियां शामिल थीं। फिलहाल पुलिस ने बरामद रकम को अपनी अभिरक्षा में रखा है।
हादसे में परिवार के सभी सदस्य घायल होने के कारण पुलिस उनके बयान दर्ज नहीं कर सकी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि कार से करीब 50 लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद हुए हैं। फिलहाल घायलों का उपचार प्राथमिकता है। उनके बयान लेने और जांच पूरी होने के बाद ही रकम के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

