home page

मप्रः राज्यपाल आज भीमपुर में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम में होंगे शामिल

 | 
मप्रः राज्यपाल आज भीमपुर में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम में होंगे शामिल


- सिकलसेल एवं थैलीसीमिया जांच मशीन का करेंगे शुभारंभ

बैतूल, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज बुधवार को बैतूल जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां भीमपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 अंतर्गत “जांच, जागरूकता एवं जनभागीदारी महा अभियान”कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सिकल सेल एवं थैलीसीमिया जांच मशीन का शुभारंभ किया जाएगा। राज्यपाल विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल पटेल प्रातः 10:15 बजे भीमपुर हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे प्रातः 10:25 बजे पुलिस ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल पटेल कार्यक्रम में सिकल सेल एवं थैलीसीमिया जांच मशीन का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद वे विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करेंगे।

राज्यपाल पटेल का प्रातः 11:05 बजे मंच पर आगमन होगा। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम का वंदे मातरम्, राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन से शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद हितलाभ वितरण होगा। इस दौरान सिकल मित्र, यूडीआईडी कार्ड, जेनेटिक कार्ड, स्व-सहायता समूहों को सीसीएल चेक, टीबी मरीजों को फूड बास्केट तथा प्रतिभावान बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

राज्यपाल पटेल प्रातः 11:45 बजे जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत राज्यपाल दोपहर 12:13 से 12:25 बजे तक स्वास्थ्य शिविर एवं दिव्यांग परीक्षण शिविर का अवलोकन करेंगे। तत्पश्चात वे दोपहर 12:25 बजे पुलिस ग्राउंड से हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 12:30 बजे हेलीपैड से बैतूल के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल पटेल दोपहर 12:50 बजे बैतूल हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे फॉरेस्ट रेस्ट हाउस बैतूल पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1 बजे भोजन कार्यक्रम निर्धारित है। सायं 5:30 से 5:45 बजे के मध्य राज्यपाल पटेल द्वारा पौधारोपण भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर