home page

राज्यपाल पटेल आज कृषि विश्वविद्यालय का 12वाँ दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

 | 
राज्यपाल पटेल आज कृषि विश्वविद्यालय का 12वाँ दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल


- कुल 666 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी

ग्वालियर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज गुरुवार को ग्वालियर के दो दिवसीय प्रवास पर आएंगे। वे यहां राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के द्वादश (12वां) दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य आतिथि शाममिल होंगे।

अपरान्ह 3.30 बजे विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित होने जा रहे इस दीक्षांत समारोह में 666 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना एवं भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह से पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल अपरान्ह 3.15 बजे कृषि महाविद्यालय स्थित सीएआईआई में नवीन सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट का लोकार्पण करेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 4 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें स्नातक के 2 एवं स्नातकोत्तर व पीएचडी के 1 – 1 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा तीन विद्यार्थियों को सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार दिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह में गत 01 अक्टूबर 2025 से 30 सितम्बर 2026 के बीच उपाधि पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगीं। इनमें स्नातक के 345 स्नातकोत्तर के 294 एवं पीएचडी के 27 विद्यार्थियों सहित कुल 666 विद्यार्थियों को मिलने वाली उपाधियां शामिल हैं। समारोह में छात्र-छात्राओं के साथ उनके परिजन भी शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज दोपहर 12 बजे वायु मार्ग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। यहाँ से व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार जाएंगे। राज्यपाल पटेल राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में पहुँचकर विश्वविद्यालय के 12वे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के पश्चात व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पहुँचकर विश्राम करेंगे।

राज्यपाल पटेल 16 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के 7वे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। यह दीक्षांत समारोह राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल पटेल दोपहर 1 बजे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पहुँचेंगे। राज्यपाल पटेल दोपहर लगभग 2.05 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल से वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर