home page

मप्र में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत, मंदसौर में भीड़ ने ट्रक जलाया

 | 
मप्र में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत, मंदसौर में भीड़ ने ट्रक जलाया


भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शनिवार को तीन अलग-अलग शहरों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मंदसौर में बच्चे को ट्रक ने कुचल दिया। टायर चढ़ने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया। बच्चे की मौत से भड़की भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ की। इसके बाद ट्रक में आग लगाकर चक्काजाम कर दिया।

वहीं, जबलपुर में ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। इंदौर में दशहरे की छुट्टियों में घर लौट रही 15 साल की छात्रा ट्रक की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके मौसा घायल हो गए।

पहला मामला: मंदसौर में चुनरी यात्रा से लौट रहा था बच्चा

पहला मामला मंदसौर जिले का है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे मंदसौर जिले में दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास असावदी गांव के लोग चुनरी यात्रा लेकर मंदिर आए थे। लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक ने बच्चे को कुचल दिया। मृत बच्चा गांव के पूर्व सरपंच का पोता है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर जाम लगा दिया। इससे गरोठ-भानपुरा मार्ग पर करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा। सड़क पर करीब दो किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लग गई।

सूचना मिलने पर गरोठ एएसपी रामसनेही मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। चक्काजाम खुलवा दिया गया है। सुरक्षा में कहां चूक हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। ट्रक चालक को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जबलपुर में ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला

दूसरा मामला जबलपुर जिले है। यहां कटंगी मार्ग पर पाटन थाना क्षेत्र में सैयद बाबा की मजार के पास शनिवार शाम ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों कटंगी के रहने वाले थे। वहीं, पैदल जा रहा एक युवक भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कटंगी निवासी राहुल यादव और नरेंद्र यादव बाइक पर सवार थे, जबकि मनीष ठाकुर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान जबलपुर से दमोह की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में नरेंद्र यादव और मनीष बर्मन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पाटन भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे संग्रामपुर गांव के पास पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए पाटन भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कटंगी थाना प्रभारी गोपेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि घटना के दौरान अगर क्षेत्र में भीड़ होती तो निश्चित रूप से और भी बड़ी घटना हो सकती थी।

तीसरा मामला: मौसा के साथ इंदौर आ रही थी छात्रा

इंदौर के पालदा क्षेत्र में नेमावर रोड पर हनुमान मंदिर के पास ट्रक ने छात्रा को कुचल दिया। मृतक की पहचान देवास जिले के भायली गांव निवासी महिमा (15) के रूप में की गई है। महिला हॉस्टल में रहकर नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। दशहरे की छुट्टियों में वह अपने मौसा मूलचंद बघेला (28) के साथ बाइक से इंदौर आ रही थी। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई, जिससे जान चली गई। हादसे में मूलचंद के पैर में गंभीर चोट आई। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई। सूचना मिलने पर भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर महिमा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर