home page

मप्र स्थापना दिवस पर रविवार को नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में सजेगी सुरों की महफिल

 | 
मप्र स्थापना दिवस पर रविवार को नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में सजेगी सुरों की महफिल


- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झलकेगी प्रदेश की समृद्ध विरासत, मालवा-निमाड़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी मिलेगा स्वाद

भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, एक नवंबर को नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा और क्षेत्रीय खानपान की विविधता का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी संजय सक्सेना ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे मध्य प्रदेश भवन के एट्रियम में लाइव वायलिन एवं तबला वादन से होगी। इसमें किरण कुमार बमनेरे वायलिन तथा मनोज पाटीदार तबला वादन की प्रस्तुति देंगे। स्थापना दिवस के अवसर पर शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रथम तल स्थित ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें सुप्रसिद्ध संगीत कलाकार अनिल कुमार जायसवाल और विपिन तिवारी सरोद-सितार की जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। शास्त्रीय संगीत की इन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं को भारतीय संगीत की मधुर और समृद्ध परंपरा का अनुभव प्राप्त होगा।

समारोह में मध्य प्रदेश के पारंपरिक खानपान का भी विशेष आकर्षण रहेगा। मध्य प्रदेश पर्यटन (एमपीटी) की कैंटीन में अतिथियों के लिए मालवा और निमाड़ की पारंपरिक थालियों की व्यवस्था की जाएगी। इन थालियों के माध्यम से प्रदेश के दोनों अंचलों के विशिष्ट व्यंजनों और विविध पाक परंपराओं का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

मध्य प्रदेश भवन द्वारा आयोजित यह समारोह राष्ट्रीय राजधानी में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक खानपान को प्रदर्शित करने के साथ मध्य प्रदेश स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर