home page

(अपडेट) मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई

 | 
(अपडेट) मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई


भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तराखंड के नव नियुक्त राज्यपाल को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ नेता ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया है। यह हर्षदायी समाचार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामना की बिसेन के सार्वजनिक जीवन के सुदीर्घ अनुभव से उत्तराखण्ड की प्रगति को लाभ मिलेगा

दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा 6 राज्यों के नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। इनमें ढाल सिंह बिसेन को (उत्तराखंड) के साथ ही ओम प्रकाश माथुर (केरलम) राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ( तमिलनाडु) ब्रज मोहन राम ( ओडिशा) डॉ. सुधा यादव ( कर्नाटक) और दुष्यंत गौतम ( सिक्किम) को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अन्य राज्यों में नियुक्त किए गए राज्यपालों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। वे लंबे समय से भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश विधानसभा में चार बार विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया। वे वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003 में विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया।

डॉ. बिसेन ने वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में वे बालाघाट संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित होकर संसद पहुंचे और वर्ष 2024 तक सांसद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर